- राम चरण स्टारर फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर रचा इतिहास, दुनियाभर में जबरदस्त कमाई जारी
मुंबई। निर्देशक बुच्ची बाबू सना की फिल्म पेड्डी बॉक्स ऑफिस पर लगातार नए रिकॉर्ड बना रही है। राम चरण अभिनीत इस फिल्म ने रिलीज के महज नौ दिनों में दुनियाभर में 366 करोड़ रुपये से अधिक की ग्रॉस कमाई कर ली है। इसके साथ ही पेद्दि वर्ष 2026 की दक्षिण भारत की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बन गई है।
फिल्म के निर्माताओं ने सोशल मीडिया पर पोस्टर जारी कर इस उपलब्धि की जानकारी दी। पोस्ट में बताया गया कि फिल्म ने नौ दिनों में 366 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है और यह 2026 की नंबर-1 दक्षिण भारतीय ग्रॉसर बन चुकी है। फिल्म को समीक्षकों और दर्शकों दोनों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है, जबकि मजबूत वर्ड-ऑफ-माउथ का भी इसे भरपूर फायदा मिल रहा है।
पेद्दि का लेखन और निर्देशन बुच्ची बाबू सना ने किया है। फिल्म में राम चरण के साथ शिव राजकुमार, जाह्नवी कपूर, दिव्येंदु शर्मा और जगपति बाबू अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं। वेंकट सतीश किलारू ने इसे वृद्दि सिनेमाज के बैनर तले निर्मित किया है, जबकि माइथ्री मूवी मेकर्स और आईवीवाई एंटरटेनमेंट ने सहयोग दिया है।
फिल्म का वर्ल्ड प्रीमियर 3 जून 2026 को हुआ था और 4 जून को इसे दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज किया गया। उत्तर भारत में फिल्म का वितरण जियो स्टूडियोज द्वारा किया गया है। दर्शकों के जबरदस्त समर्थन के चलते फिल्म की कमाई का सिलसिला लगातार जारी है।
