एनफोर्समेंट डायरेक्टरेट (ED) ने पंजाब से आम आदमी पार्टी (AAP) के राज्यसभा MP अशोक मित्तल के ठिकानों पर छापा मारा है। आज सुबह 9:00 बजे ED की टीमें जालंधर में उनके घर और यूनिवर्सिटी समेत कई जगहों पर पहुंचीं। अभी जांच जारी है। घर के बाहर पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है।
करीब 12 दिन पहले आम आदमी पार्टी (AAP) ने MP राघव चड्ढा को राज्यसभा में डिप्टी लीडर के पद से हटा दिया था। इसके बाद उनकी जगह अशोक मित्तल को अपॉइंट किया गया था। अशोक पंजाब में लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी के फाउंडर और चांसलर हैं। वह 2022 में राज्यसभा मेंबर बने थे।
दिल्ली टीम ने जालंधर में छापा मारा
रिपोर्ट्स के मुताबिक, ED की दिल्ली टीम ने जालंधर और फगवाड़ा में ‘लवली ग्रुप’ के कई ठिकानों पर छापा मारा। यह ऑपरेशन फॉरेन एक्सचेंज मैनेजमेंट एक्ट (FEMA) के कथित उल्लंघन से जुड़े एक मामले के सिलसिले में किया जा रहा है।
अभी लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी, लवली ऑटोज़, लवली स्वीट्स और लवली डिस्टेंस एजुकेशन सेंटर समेत कई जगहों पर रेड चल रही है। इसके अलावा, मित्तल परिवार से जुड़े रेजिडेंशियल और कमर्शियल जगहों पर भी सर्च की जा रही है, जिसमें उनके भाइयों रमेश मित्तल और नरेश मित्तल की प्रॉपर्टी भी शामिल हैं।
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सोशल मीडिया (X) पर लिखा: “BJP ने पंजाब चुनाव की तैयारी शुरू कर दी है… आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सदस्य अशोक मित्तल के घर और यूनिवर्सिटी पर ED की रेड… टिपिकल मोदी स्टाइल… हम पत्ते नहीं हैं जो डाल से टूटकर गिर जाएंगे।
2005 में लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी की स्थापना
जालंधर में जन्मे अशोक मित्तल की ज़िंदगी एक प्रेरणा देने वाली कहानी है। उनके पिता ने ‘लवली स्वीट्स’ नाम से मिठाई का छोटा सा बिज़नेस शुरू किया था, जहाँ अशोक मित्तल अपने भाइयों के साथ काम करते थे। हालाँकि, उनका सपना कुछ बड़ा करने का था।
उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में कदम रखा और 2005 में लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी की स्थापना की। आज, यह देश की सबसे बड़ी प्राइवेट यूनिवर्सिटी में गिनी जाती है, जहाँ हज़ारों छात्र पढ़ाई कर रहे हैं।
अशोक मित्तल ने गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी से लॉ की पढ़ाई की। शिक्षा के क्षेत्र में काम करते हुए, उन्होंने एक ऐसी संस्था बनाई जिसने न केवल देश में बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी एक अलग पहचान बनाई है।
उनका सफ़र सिर्फ़ बिज़नेस और शिक्षा तक ही सीमित नहीं रहा। बाद में, वे राजनीति के क्षेत्र में आ गए और आम आदमी पार्टी में शामिल हो गए। आदमी पार्टी। 2022 में, वह राज्यसभा के सदस्य बने और संसद में शिक्षा, रोजगार और विकास जैसे मुद्दे उठाए।
