- उल्का गुप्ता का दमदार अंदाज चर्चा में
मुंबई। रोमांस, कॉमेडी और मेलोड्रामा से भरपूर फिल्म “रजनी की बारात” का बहुप्रतीक्षित टीजर रिलीज हो गया है। टीजर में बिहार के दरभंगा की लोकेशंस, देसी अंदाज और एक लड़की के अपने प्यार को पाने के लिए बारात लेकर निकलने की अनोखी कहानी दिखाई गई है।
करीब एक मिनट के टीजर की शुरुआत बिहारी स्टाइल “लौंडा नाच” के अनाउंसमेंट से होती है। इसके बाद अभिनेत्री उल्का गुप्ता का दमदार संवाद “हमको रज्जन से शादी करनी है” सुनाई देता है, जो फिल्म की कहानी को दिलचस्प मोड़ देता है।
टीजर में अभिनेत्री इशिता सिंह का संवाद “रज्जन जी से मिलकर स्पेशल तो लगा” लव ट्रायंगल की ओर इशारा करता है। वहीं अभिनेत्री सुनीता राजवार अपनी कॉमिक टाइमिंग से दर्शकों का ध्यान खींचती नजर आती हैं। जरीना वहाब और सुनीता राजवार के डांस सीक्वेंस भी टीजर का खास आकर्षण बने हुए हैं।
टीजर के अंत में पुलिस ऑफिसर की भूमिका में अश्वथ भट्ट की एंट्री दिखाई देती है। उनके संवाद “लव स्टोरी बहुत प्यारा है सर” ने टीजर को मजेदार अंदाज में खत्म किया।
फिल्म में उल्का गुप्ता के साथ कनिष्क, इशिता सिंह, सुनीता राजवार, जरीना वहाब और अश्वथ भट्ट अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। एपिफेनी एंटरटेनमेंट के बैनर तले बनी इस फिल्म के निर्माता तनाया आडारकर प्रभु और तेज एच आडारकर हैं, जबकि निर्देशन आदित्य अमन ने किया है। फिल्म के एसोसिएट प्रोड्यूसर मोहसिन खान हैं।
टीजर लॉन्च के मौके पर अभिनेत्री उल्का गुप्ता ने कहा कि रजनी एक ऐसी लड़की का किरदार है, जो अपने प्यार के लिए किसी भी हद तक जा सकती है। उन्होंने कहा कि इस किरदार में इमोशन, कॉमेडी और पागलपन का शानदार मिश्रण देखने को मिलेगा।
फिल्म “रजनी की बारात” 29 मई को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
