- बड़े स्टार्स, विशाल बजट और दमदार कहानियों के साथ 2027 की फिल्मों को लेकर अभी से बढ़ा क्रेज
एंटरटेनमेंट डेस्क | मुंबई : साल 2027 भारतीय सिनेमा के लिए बेहद खास साबित होने वाला है। बड़े फिल्ममेकर्स, सुपरस्टार्स और मेगा बजट फिल्मों के साथ यह साल बॉक्स ऑफिस पर नए रिकॉर्ड बना सकता है। कई ऐसी फिल्में रिलीज के लिए तैयार हैं, जिनका दर्शक अभी से बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। पोस्टर्स, फर्स्ट लुक और शुरुआती अपडेट्स ने इन फिल्मों को लेकर उत्साह और बढ़ा दिया है। आइए जानते हैं 2027 की उन 5 बड़ी फिल्मों के बारे में, जो सिनेमाघरों में बड़ा धमाका करने वाली हैं।
लव एंड वॉर
संजय लीला भंसाली की फिल्म लव एंड वॉर 2027 की सबसे चर्चित फिल्मों में शामिल है। लंबे समय बाद रणबीर कपूर, आलिया भट्ट और विक्की कौशल एक साथ बड़े पर्दे पर नजर आएंगे। फिल्म को लेकर अभी ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन इसकी स्टारकास्ट और भंसाली का निर्देशन इसे खास बना रहा है। यह फिल्म 21 जनवरी 2027 को रिलीज होगी।
वाराणसी
एस. एस. राजामौली की मेगा फिल्म वाराणसी को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह है। फिल्म में महेश बाबू, प्रियंका चोपड़ा जोनस और पृथ्वीराज सुकुमारन मुख्य भूमिका में दिखाई देंगे। फिल्म के किरदारों की पहली झलक सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इसकी खूब चर्चा हो रही है। भव्य विजुअल्स और दमदार किरदारों के कारण यह फिल्म 2027 की सबसे बड़ी रिलीज़ में गिनी जा रही है। फिल्म 7 अप्रैल 2027 को रिलीज होगी।
राका
अल्लू अर्जुन और निर्देशक एटली पहली बार फिल्म राका में साथ काम कर रहे हैं। फिल्म का फर्स्ट लुक रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर छा गया था। डार्क और सुपरनैचुरल थीम पर आधारित इस फिल्म में दीपिका पादुकोण भी नजर आएंगी। मेकर्स इसे 2026 के आखिर या 2027 में रिलीज करने की तैयारी कर रहे हैं।
एनिमल पार्क
रणबीर कपूर की ब्लॉकबस्टर फिल्म एनिमल के बाद अब इसके सीक्वल एनिमल पार्क को लेकर भी फैंस में भारी उत्साह है। पहली फिल्म के पोस्ट क्रेडिट सीन ने दर्शकों की उत्सुकता बढ़ा दी थी। माना जा रहा है कि सीक्वल पहले से ज्यादा एक्शन और इंटेंस कहानी लेकर आएगा। यही वजह है कि यह फिल्म भी 2027 की सबसे बहुप्रतीक्षित फिल्मों में शामिल हो चुकी है।
रामायणम् 2
नमित मल्होत्रा की मेगा प्रोजेक्ट रामायणम् का दूसरा भाग भी 2027 में रिलीज होगा। भारतीय संस्कृति और पौराणिक कथा पर आधारित इस फिल्म के पहले भाग ने पहले ही दर्शकों के बीच जबरदस्त उत्साह पैदा कर दिया है। फिल्म में रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। बड़े स्केल और शानदार विजुअल्स के चलते यह फिल्म भी 2027 की सबसे बड़ी फिल्मों में शामिल मानी जा रही है।
