- रश्मिका मंदाना स्टारर पैन-इंडिया फिल्म 2026 में होगी रिलीज, आदिवासी पृष्ठभूमि पर आधारित है कहानी
मुंबई । पैन-इंडिया स्टार रश्मिका मंदाना की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘मैसा’ (Mysaa) को लेकर दर्शकों में उत्सुकता लगातार बढ़ रही है। इसी बीच मेकर्स ने अभिनेत्री निधि सिंह के जन्मदिन के अवसर पर फिल्म से उनका नया कैरेक्टर पोस्टर जारी किया है। पोस्टर में निधि सिंह गुस्से से भरे, निडर और दमदार अंदाज में नजर आ रही हैं, जिसने सोशल मीडिया पर फिल्म को लेकर चर्चा और तेज कर दी है।
मेकर्स ने पोस्टर साझा करते हुए लिखा, “हर आत्मा का जन्म कोमल होने के लिए नहीं होता। कुछ का निर्माण संघर्षों को सहने और मजबूत बनने के लिए किया जाता है। टीम ‘मैसा’ की ओर से बेहद प्रतिभाशाली निधि सिंह को जन्मदिन की शुभकामनाएं। शूटिंग जारी है। 2026 में सिनेमाघरों में मिलते हैं।”
‘मैसा’ में रश्मिका मंदाना अब तक के अपने सबसे अलग और दमदार किरदार में दिखाई देंगी। फिल्म उनके करियर की सबसे चुनौतीपूर्ण फिल्मों में मानी जा रही है। रश्मिका का नया लुक और फिल्म की कहानी पहले ही दर्शकों के बीच खासा उत्साह पैदा कर चुके हैं।
अनफॉर्मूला फिल्म्स के बैनर तले बन रही इस फिल्म का निर्देशन रवींद्र पुल्ले कर रहे हैं। यह एक इमोशनल एक्शन-थ्रिलर है, जिसकी कहानी आदिवासी क्षेत्रों की पृष्ठभूमि पर आधारित है। मेकर्स का दावा है कि फिल्म में शानदार विजुअल्स, मजबूत कहानी और रश्मिका मंदाना की यादगार परफॉर्मेंस देखने को मिलेगी।
फिल्म ‘मैसा’ वर्ष 2026 में सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
