भोपाल, 9 मई : 16 मई को फिल्मी दुनिया का एक भव्य आयोजन देखने को मिल सकता है, जब ग्लोबल स्टार राम चरण की बहुप्रतीक्षित फिल्म पेड्डी का ग्रैंड ट्रेलर लॉन्च भोपाल में आयोजित किया जाएगा। साल 2026 की सबसे चर्चित फिल्मों में शामिल ‘पेड्डी’ को लेकर फैंस के बीच पहले से ही जबरदस्त उत्साह बना हुआ है और अब इसके मेगा ट्रेलर लॉन्च की तैयारियां भी बड़े स्तर पर की जा रही हैं।
सूत्रों के मुताबिक, 16 मई को भोपाल में होने वाले इस भव्य इवेंट में राम चरण के साथ फिल्म की लीड एक्ट्रेस जाह्नवी कपूर, निर्देशक बुची बाबू सना, निर्माता वेंकट सतीश किलारू और फिल्ममेकर सुकुमार के शामिल होने की संभावना है। खास बात यह है कि म्यूजिक लेजेंड ए. आर. रहमान भी इस कार्यक्रम में मौजूद रह सकते हैं और लाइव परफॉर्मेंस देकर इवेंट को और यादगार बना सकते हैं।
फिल्म ‘पेड्डी’ की घोषणा के बाद से ही इसका हर अपडेट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ है। हाल ही में रिलीज हुए गाने “चिकिरी चिकिरी” और “रई रई रा रा” को दर्शकों का शानदार रिस्पॉन्स मिला है। वहीं फिल्म के पोस्टर्स और टीज़र ने भी फैंस के बीच जबरदस्त उत्सुकता पैदा की है। मेकर्स का मानना है कि फिल्म का हर कंटेंट बिना किसी दिखावे के सीधे दर्शकों से जुड़ रहा है और यही इसकी सबसे बड़ी ताकत बनकर उभरा है।
फिल्म को अमेरिका में एडवांस बुकिंग के दौरान भी शानदार प्रतिक्रिया मिली है। हाल ही में निर्देशक सुकुमार ने फिल्म के सेट्स का दौरा किया था और फिल्म के कंटेंट की खुलकर तारीफ की थी। इससे फिल्म को लेकर इंडस्ट्री के भीतर भी सकारात्मक माहौल बना हुआ है।
पेड्डी का निर्देशन बुची बाबू सना ने किया है। फिल्म में राम चरण के अलावा शिवा राजकुमार, दिव्येंदु और जगपति बाबू भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म का निर्माण ‘वृद्धि सिनेमाज’ और मैत्री मूवी मेकर्स के सहयोग से किया जा रहा है, जबकि उत्तर भारत में इसे जियो स्टूडियोज द्वारा रिलीज किया जाएगा। यह बहुप्रतीक्षित फिल्म 4 जून 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
