मुंबई: प्राइम वीडियो ने तमिल साइंस-फिक्शन रोमांटिक कॉमेडी लव इंश्योरेंस कंपनी के एक्सक्लूसिव ग्लोबल स्ट्रीमिंग प्रीमियर का ऐलान कर दिया है। यह फिल्म 6 मई से भारत समेत दुनिया के 240 से ज्यादा देशों और क्षेत्रों में स्ट्रीम की जाएगी।
फिल्म का निर्देशन विग्नेश शिवन ने किया है, जबकि इसमें प्रदीप रंगनाथन, एस जे सूर्या, कृति शेट्टी, सीमान, योगी बाबू और गौरी किशन अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म का म्यूजिक अनिरुद्ध रविचंदर ने दिया है, जो पहले ही दर्शकों के बीच उत्सुकता बढ़ा रहा है।
यह फिल्म अपनी अनोखी कहानी, फ्यूचरिस्टिक अंदाज और सटायर-रोमांस के बेहतरीन मेल के लिए चर्चा में है। कहानी साल 2040 के चेन्नई में सेट है, जहां प्यार अब किस्मत या इत्तेफाक पर नहीं छोड़ा जाता, बल्कि एक ताकतवर कंपनी उसे इंश्योर और गारंटी करती है।
फिल्म में ‘सूरियन’ नाम का एक महत्वाकांक्षी सीईओ है, जो मानता है कि रिश्तों को एल्गोरिदम के जरिए समझा और नियंत्रित किया जा सकता है। वहीं ‘वाइब वासे’ एक आजाद सोच वाला युवक है, जो प्यार को स्वाभाविक और अनप्रिडिक्टेबल मानता है। कहानी में मोड़ तब आता है जब उसकी मुलाकात ‘धीमा’ से होती है, जो इस सिस्टम पर पूरा भरोसा करती है।
दो अलग-अलग सोच वाले इन किरदारों के बीच पनपती प्रेम कहानी इंसानी भावनाओं और कॉरपोरेट कंट्रोल के टकराव को सामने लाती है। फिल्म यह सवाल उठाती है कि क्या सच्चा प्यार उस दुनिया में बच सकता है, जहां एहसास भी एक प्रोडक्ट बन चुके हैं।
‘लव इंश्योरेंस कंपनी’ तमिल के साथ-साथ हिंदी, तेलुगु, मलयालम और कन्नड़ भाषाओं में भी उपलब्ध होगी, जिससे यह फिल्म देशभर के दर्शकों तक आसानी से पहुंच सकेगी।
