मुंबई: प्राइम वीडियो ने तेलुगु एक्शन-थ्रिलर डकैत: ओका प्रेम कथा के एक्सक्लूसिव ग्लोबल स्ट्रीमिंग प्रीमियर का ऐलान कर दिया है। यह फिल्म 8 मई से भारत समेत दुनिया के 240 से अधिक देशों और क्षेत्रों में स्ट्रीम की जाएगी।
फिल्म का निर्देशन शनील डियो ने किया है और इसे अन्नपूर्णा स्टूडियोज के बैनर तले सुप्रिया यारलागड्डा ने प्रोड्यूस किया है। फिल्म में अदिवी शेष, मृणाल ठाकुर, अनुराग कश्यप और प्रकाश राज अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।
‘डकैत: ओका प्रेम कथा’ एक ऐसी कहानी है, जो दमदार एक्शन के साथ प्यार, धोखा और आत्म-खोज जैसी गहरी भावनाओं को बखूबी पेश करती है। फिल्म की कहानी महामारी के दौर की पृष्ठभूमि पर आधारित है, जिसमें हरी उर्फ ‘रोमियो’ (अदिवी शेष) की जिंदगी एक मर्डर केस में फंसने के बाद पूरी तरह बदल जाती है।
उस पर अपनी प्रेमिका सरस्वती उर्फ जूलियट के मर्डर का आरोप लगता है और वह जेल पहुंच जाता है। हालांकि, जेल से फरार होने के बाद उसकी जिंदगी एक खतरनाक मोड़ ले लेती है। उसके पीछे एक सख्त और अलग अंदाज का पुलिस ऑफिसर (अनुराग कश्यप) और एक प्रभावशाली लेकिन संदिग्ध अस्पताल साम्राज्य का मालिक (प्रकाश राज) पड़ जाते हैं।
भागते-भागते हरी अपने अतीत के सच को उजागर करने और उन लोगों से बदला लेने की कोशिश करता है, जिन्होंने उसकी जिंदगी बर्बाद कर दी। लेकिन 13 साल बाद भी उसका पुराना प्यार उसे अपनी ओर खींचता रहता है।
मदनपल्ले की पृष्ठभूमि में आगे बढ़ती यह कहानी एक्शन, इमोशनल टकराव और सस्पेंस से भरपूर है। फिल्म दर्शकों के सामने यह बड़ा सवाल रखती है कि जब प्यार और बदला आमने-सामने होंगे, तो आखिर जीत किसकी होगी।
‘डकैत: ओका प्रेम कथा’ तेलुगु के साथ-साथ तमिल, मलयालम और कन्नड़ भाषाओं में भी उपलब्ध होगी, जिससे यह फिल्म व्यापक दर्शक वर्ग तक पहुंचेगी।
