- कहा- जनता को त्याग का संदेश देना सरकार की विफलता, 12 साल में देश को इस स्थिति में पहुंचाया
नई दिल्ली, 11 मई : कांग्रेस नेता Rahul Gandhi ने सोमवार को प्रधानमंत्री Narendra Modi की हालिया ‘सात अपीलों’ को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। राहुल गांधी ने पश्चिम एशिया में जारी संकट और उससे पैदा हुई आर्थिक चुनौतियों के बीच प्रधानमंत्री द्वारा जनता से संयम बरतने की अपील को सरकार की नाकामी करार दिया।
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री जनता से त्याग मांग रहे हैं। उन्होंने लिखा, “कल मोदी जी ने जनता से त्याग मांगा। सोना मत खरीदो, विदेश मत जाओ, पेट्रोल कम इस्तेमाल करो, खाद और खाने के तेल का उपयोग घटाओ, मेट्रो से चलो, घर से काम करो। ये उपदेश नहीं हैं, ये विफलता हैं।”
उन्होंने आगे कहा कि पिछले 12 वर्षों में सरकार ने देश को ऐसी स्थिति में पहुंचा दिया है कि अब लोगों को यह बताना पड़ रहा है कि उन्हें क्या खरीदना चाहिए और क्या नहीं। राहुल गांधी ने कहा, “अब देश चलाना प्रधानमंत्री के बस में नहीं रह गया है।”
दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को सिकंदराबाद में आयोजित एक जनसभा के दौरान लोगों से आयात पर निर्भरता कम करने की अपील की थी। उन्होंने कहा था कि देश को विदेशी उत्पादों पर कम निर्भर होना चाहिए ताकि विदेशी मुद्रा की बचत की जा सके और पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिले।
प्रधानमंत्री ने लोगों से सोने की खरीद सीमित करने, अनावश्यक विदेश यात्राओं से बचने, पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने और सार्वजनिक परिवहन का अधिक उपयोग करने की सलाह दी थी। उन्होंने वर्क फ्रॉम होम और ऊर्जा बचत जैसे उपायों को भी अपनाने की अपील की थी।
राहुल गांधी के इस बयान के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया है। कांग्रेस इसे आर्थिक नीतियों की असफलता बता रही है, जबकि भाजपा का कहना है कि प्रधानमंत्री ने देशहित और आत्मनिर्भरता को ध्यान में रखते हुए जनता से जिम्मेदारी निभाने की अपील की है।
