मुंबई : संजय दत्त स्टारर आखरी सवाल का बहुप्रतीक्षित ट्रेलर रिलीज हो गया है। अपनी दमदार कहानी, तीखे संवाद और बेबाक अंदाज़ के चलते फिल्म पहले ही चर्चा में थी, लेकिन अब ट्रेलर ने दर्शकों के बीच नई बहस छेड़ दी है। ट्रेलर में भारत के इतिहास से जुड़े कई संवेदनशील मुद्दों और अनसुने सवालों को सामने लाने की कोशिश की गई है।
फिल्म की कहानी राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) से जुड़ी ऐतिहासिक घटनाओं पर आधारित बताई जा रही है। ट्रेलर में महात्मा गांधी की हत्या, बाबरी मस्जिद विध्वंस और आपातकाल जैसे विवादित विषयों को छुआ गया है। फिल्म इन घटनाओं के पीछे छिपे कथित पहलुओं और अनुत्तरित सवालों को उठाती नजर आती है, जिसने सोशल मीडिया पर चर्चा तेज कर दी है।
ट्रेलर में संजय दत्त एक मजबूत और बेबाक किरदार में दिखाई दे रहे हैं। उनके दमदार डायलॉग्स और स्क्रीन प्रेजेंस ट्रेलर का सबसे बड़ा आकर्षण बनकर सामने आए हैं। फिल्म में वे उन आरोपों और विवादों का सामना करते नजर आते हैं, जो दशकों से चर्चा का विषय रहे हैं।
फिल्म अभिनेत्री समीरा रेड्डी की वापसी को लेकर भी चर्चा में है। ट्रेलर में उनकी झलक ने दर्शकों का ध्यान खींचा है। इसके अलावा अमित साध, नीतू चंद्रा, त्रिधा चौधरी और नमाशी चक्रवर्ती भी अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं।
फिल्म का निर्देशन नेशनल अवॉर्ड विजेता निर्देशक अभिजीत मोहन वारंग ने किया है। ट्रेलर में उनका निर्देशन गंभीर और प्रभावशाली नजर आता है, जिसमें राजनीतिक और ऐतिहासिक घटनाओं को नाटकीय अंदाज में पेश किया गया है।
फिल्म की एक खास बात यह भी है कि यह पहली हिंदी फिल्म बताई जा रही है, जिसे बधिर दर्शकों के लिए इंडियन साइन लैंग्वेज (ISL) के साथ रिलीज किया जाएगा। साथ ही दृष्टिबाधित दर्शकों के लिए भी इसे अधिक सुलभ बनाने की कोशिश की गई है।
आखरी सवाल को निखिल नंदा और संजय दत्त ने प्रोड्यूस किया है। फिल्म की कहानी, पटकथा और संवाद उत्कर्ष नैथानी ने लिखे हैं।
यह फिल्म 15 मई 2026 को हिंदी, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम भाषाओं में सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
