मेक्सिको सिटी: निर्देशक एस. एस. राजामौली की बहुप्रतीक्षित फिल्म वाराणसी को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। हाल ही में कॉमिक कॉन एक्सपीरियंस मेक्सिको 2026 में फिल्म ने अपनी खास मौजूदगी दर्ज कराई, जहां प्रोड्यूसर एस. एस. कार्तिकेय ने इसके निर्माण से जुड़े अहम खुलासे किए।
कार्तिकेय ने बताया कि फिल्म की पूरी कहानी वाराणसी में आधारित है, जिसे भारत की आध्यात्मिक राजधानी माना जाता है। उन्होंने कहा कि निर्देशक राजामौली के विजन में घाटों पर कई बड़े और विजुअली भव्य सीक्वेंस शामिल थे, लेकिन उन्हें वास्तविक लोकेशन पर शूट करना तकनीकी और लॉजिस्टिक कारणों से मुश्किल था। ऐसे में टीम ने एक बड़ा फैसला लेते हुए वाराणसी के घाटों का विशाल सेट ईंट-ईंट जोड़कर तैयार किया, ताकि असली माहौल को हूबहू पर्दे पर उतारा जा सके।
इसके लिए प्रोडक्शन डिजाइन टीम को वाराणसी भेजा गया, जहां से हर छोटी-बड़ी जानकारी, माप और फोटो रेफरेंस इकट्ठा किए गए। इन्हीं डिटेल्स के आधार पर एक रियलिस्टिक सेट तैयार किया गया, जो असली घाटों जैसा ही नजर आता है।
फिल्म में महेश बाबू ‘रुद्र’ के किरदार में, पृथ्वीराज सुकुमारन ‘कुंभा’ के रूप में और प्रियंका चोपड़ा जोनस ‘मंदाकिनी’ के किरदार में नजर आएंगी। इन तीनों कलाकारों के फर्स्ट लुक पहले ही जारी किए जा चुके हैं, जिन्हें सोशल मीडिया पर जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली है।
इससे पहले फिल्म का पहला ग्लिम्प्स यूरोप के प्रतिष्ठित थिएटर Le Grand Rex में आयोजित ट्रेलर फेस्टिवल में दिखाया गया था, जहां दर्शकों ने तालियों और उत्साह के साथ इसका स्वागत किया।
फिल्म ‘वाराणसी’ को एक भव्य सिनेमाई अनुभव के रूप में तैयार किया जा रहा है और यह 7 अप्रैल 2027 को बड़े स्तर पर सिनेमाघरों में रिलीज होगी। लगातार बढ़ती चर्चा और शानदार झलकियों के बाद यह फिल्म दर्शकों की सबसे ज्यादा इंतजार की जाने वाली फिल्मों में शामिल हो गई है।
