- नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही दो-पार्ट एपिक फिल्म दिवाली 2026 और 2027 में होगी रिलीज, ग्लोबल स्तर के टेक्नीशियंस जुड़े
मुंबई | भारतीय सिनेमा की सबसे महत्वाकांक्षी फिल्मों में शामिल ‘रामायणम्’ अपने भव्य स्केल और विशाल प्रोडक्शन को लेकर लगातार चर्चा में बनी हुई है। नमित मल्होत्रा की इस मेगा फिल्म को लेकर अब एक और बड़ी जानकारी सामने आई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म के निर्माण में 10 हजार से ज्यादा क्रू मेंबर्स काम कर रहे हैं, जो किसी भी भारतीय फिल्म के लिए अब तक की सबसे बड़ी टीम मानी जा रही है।
नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही इस दो-पार्ट ग्लोबल एपिक फिल्म को प्राइम फोकस स्टूडियोज, ऑस्कर विजेता DNEG और मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस मिलकर तैयार कर रहे हैं। फिल्म को ऐसे स्तर पर बनाया जा रहा है, जैसा भारतीय सिनेमा में पहले कभी देखने को नहीं मिला।
फिल्म के प्रोडक्शन डिजाइन, विजुअल इफेक्ट्स, एक्शन कोरियोग्राफी और कॉस्ट्यूम डिपार्टमेंट में दुनिया भर के एक्सपर्ट्स को शामिल किया गया है। मेकर्स का लक्ष्य इस पौराणिक कहानी को अंतरराष्ट्रीय सिनेमाई मानकों के अनुसार बड़े पर्दे पर पेश करना है। इसके लिए अत्याधुनिक तकनीक, विशाल सेट्स और बारीकी से तैयार की गई दुनिया पर खास फोकस किया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि ‘रामायणम्’ केवल एक फिल्म नहीं, बल्कि भारतीय सिनेमा का एक बड़ा सिनेमाई इवेंट साबित हो सकती है। इंडस्ट्री एक्सपर्ट्स का मानना है कि यह फिल्म पौराणिक कहानियों को बड़े पर्दे पर पेश करने के तरीके को बदल सकती है और भारतीय फिल्ममेकिंग के लिए नया बेंचमार्क सेट कर सकती है।
फिल्म को दुनियाभर में IMAX फॉर्मेट में रिलीज किया जाएगा। इसका पहला पार्ट दिवाली 2026 और दूसरा पार्ट दिवाली 2027 में सिनेमाघरों में रिलीज होगा।
