अपनी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘राजा शिवाजी’ की रिलीज़ से पहले अभिनेता-निर्देशक रितेश देशमुख और जिनिलीया देशमुख भिवंडी स्थित छत्रपति शिवाजी महाराज मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर फिल्म की सफलता के लिए आशीर्वाद लिया। इस दौरान दोनों कलाकार पारंपरिक अंदाज़ में नजर आए और मंदिर में आरती में भी शामिल हुए।
मंदिर परिसर में उनके पहुंचते ही माहौल उत्सव में बदल गया। स्थानीय लोगों ने ढोल-ताशों के साथ जोरदार स्वागत किया, जिससे पूरे इलाके में भक्ति और उल्लास का माहौल बन गया। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने पारंपरिक नववारी साड़ियों में सजकर आरती में हिस्सा लिया, जो महाराष्ट्र की समृद्ध संस्कृति की झलक पेश करता दिखा।
रितेश और जिनिलीया ने वहां मौजूद फैंस से मुलाकात कर उनका आभार जताया। बड़ी संख्या में लोग इस जोड़ी की एक झलक पाने के लिए मंदिर परिसर में जुटे थे। खास बात यह रही कि फैंस ने फिल्म ‘राजा शिवाजी’ की थीम पर आकर्षक रंगोली भी बनाई, जिसने सभी का ध्यान खींचा।
फिल्म ‘राजा शिवाजी’ एक भव्य ऐतिहासिक प्रोजेक्ट है, जिसमें संजय दत्त, अभिषेक बच्चन, विद्या बालन, महेश मांजरेकर, सचिन खेडेकर, बोमन ईरानी, भाग्यश्री, फरदीन खान, जितेंद्र जोशी और अमोल गुप्ते जैसे कई दिग्गज कलाकार शामिल हैं। इस फिल्म में रितेश देशमुख ने लेखन, निर्देशन, निर्माण और अभिनय—चारों भूमिकाएं निभाई हैं।
जियो स्टूडियोज़ द्वारा प्रस्तुत और मुंबई फिल्म कंपनी के बैनर तले बनी यह फिल्म छत्रपति शिवाजी महाराज के जीवन और उनके गौरवशाली इतिहास पर आधारित है। फिल्म 1 मई 2026 को हिंदी और मराठी में दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी।

Have any thoughts?
Share your reaction or leave a quick response — we’d love to hear what you think!
