- राम चरण की फिल्म ने पहले दिन कमाए ₹135.36 करोड़, विवादित दृश्यों पर प्रतिक्रिया के बाद निर्देशक का बड़ा फैसला
मुंबई । राम चरण अभिनीत Peddi ने रिलीज के साथ ही बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्डतोड़ शुरुआत करते हुए पहले दिन दुनियाभर में ₹135.36 करोड़ से अधिक की ग्रॉस कमाई दर्ज की है। इसके साथ ही यह राम चरण के करियर की दूसरी 100 करोड़ ओपनिंग फिल्म बन गई है और वर्ष 2026 की सबसे बड़ी भारतीय ओपनिंग्स में शामिल हो गई है। हालांकि फिल्म की शानदार सफलता के बीच निर्देशक Buchi Babu Sana ने दर्शकों की ओर से उठाई गई आपत्तियों को स्वीकार करते हुए सार्वजनिक रूप से माफी मांगी है और फिल्म में बदलाव करने का ऐलान किया है।
कई महीनों से चर्चा में रही फिल्म को रिलीज के बाद दर्शकों का भरपूर प्यार मिल रहा है। सोशल मीडिया पर फिल्म की सराहना और सकारात्मक प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आई हुई है। वहीं दर्शकों के एक वर्ग ने फिल्म के कुछ दृश्यों को लेकर चिंता व्यक्त की, जिसे निर्देशक ने गंभीरता से लिया।
सोशल मीडिया पर जारी अपने बयान में बुच्ची बाबू साना ने कहा कि सिनेमा का उद्देश्य मनोरंजन करना, प्रेरित करना और लोगों को जोड़ना है, न कि किसी को असहज या अपमानित महसूस कराना। उन्होंने स्पष्ट किया कि महिलाओं का सम्मान करना उनकी प्राथमिकता रही है और किसी महिला किरदार का वस्तुकरण या अनादर करना फिल्म की मंशा कभी नहीं थी।
निर्देशक ने लिखा कि यदि फिल्म के किसी हिस्से से ऐसी भावना उत्पन्न हुई है तो वह दर्शकों की भावनाओं का सम्मान करते हैं और इसके लिए ईमानदारी से क्षमा चाहते हैं। उन्होंने बताया कि दर्शकों की प्रतिक्रियाओं की समीक्षा के बाद संबंधित दृश्यों में आवश्यक बदलाव करने का निर्णय लिया गया है।
उन्होंने कहा कि सिनेमा दर्शकों के साथ संवाद के माध्यम से विकसित होता है और कहानीकारों की जिम्मेदारी है कि वे बदलती सामाजिक संवेदनशीलताओं के प्रति सजग रहें। उन्होंने यह भी दोहराया कि हर महिला सम्मान, गरिमा और मूल्य की हकदार है तथा उनकी टीम भविष्य में भी ऐसे किरदारों और कहानियों को प्राथमिकता देगी जो इन मूल्यों को मजबूत करें।
फिल्म में राम चरण के साथ Janhvi Kapoor, Jagapathi Babu, Shiva Rajkumar और Divyenndu Sharma अहम भूमिकाओं में नजर आए हैं। फिल्म का निर्देशन बुच्ची बाबू साना ने किया है, जबकि संगीत A. R. Rahman ने दिया है। फिल्म का निर्माण वृद्दि सिनेमाज के बैनर तले किया गया है और यह 4 जून 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी।
