- ‘गवर्नर’ को बताया यादगार अनुभव, अभिनेता का जताया आभार
मुंबई, 24 जून। निर्देशक चिन्मय मांडलेकर ने अभिनेता मनोज बाजपेयी के साथ दूसरी बार काम करने के अनुभव को खास बताते हुए फिल्म ‘गवर्नर: द साइलेंट सेवियर’ के सेट की कुछ बिहाइंड-द-सीन्स तस्वीरें साझा की हैं। उन्होंने कहा कि इस फिल्म पर काम करना उनके लिए बेहद संतोषजनक और यादगार रहा।
चिन्मय मांडलेकर और मनोज बाजपेयी की जोड़ी फिल्म ‘गवर्नर: द साइलेंट सेवियर’ में दूसरी बार साथ आई है। फिल्म को सिनेमाघरों में दर्शकों का अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है। इसी बीच चिन्मय ने सोशल मीडिया पर तस्वीरें साझा करते हुए मनोज बाजपेयी का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा, “गवर्नर मेरे लिए एक बेहद संतोषजनक अनुभव रहा। मनोज जी, एक बार फिर मुझ पर भरोसा करने के लिए आपका धन्यवाद। फिल्म अभी भी सिनेमाघरों में चल रही है। अगर आपने अब तक नहीं देखी है, तो जरूर देखें।”
इससे पहले चिन्मय मांडलेकर और मनोज बाजपेयी की जोड़ी इंस्पेक्टर जेंडे में साथ काम कर चुकी है। इस प्रोजेक्ट को दर्शकों और समीक्षकों दोनों ने सराहा था। अब ‘गवर्नर: द साइलेंट सेवियर’ के जरिए दोनों ने वास्तविक घटनाओं से प्रेरित एक राजनीतिक थ्रिलर दर्शकों के सामने पेश की है।
फिल्म को मिल रही सकारात्मक प्रतिक्रिया और मजबूत वर्ड-ऑफ-माउथ से यह साफ है कि चिन्मय मांडलेकर और मनोज बाजपेयी की निर्देशक-अभिनेता जोड़ी प्रभावशाली कहानियों के जरिए दर्शकों का भरोसा लगातार जीत रही है।
