कपूरथला : शहर के सीनपुरा इलाके में शुक्रवार दोपहर करीब 3:30 बजे बाइक सवार दो बदमाशों ने 48 साल की महिला की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतका की पहचान सीनपुरा की रहने वाली हेमप्रीत कौर के तौर पर हुई है। मृतक महिला करीब एक महीने पहले कनाडा से लौटी थी। घटना शाम करीब 4 बजे हुई।
जानकारी के मुताबिक, दो हमलावर मोटरसाइकिल पर आए थे। घर में रहने वाली एक बुजुर्ग महिला ने बताया कि कुछ लोग जबरदस्ती घर में घुस आए, जिसके बाद गोलियां चलाई गईं। पुलिस के मुताबिक, चार गोलियां चलाई गईं, जिनमें से एक हेमा को लगी और तीन हवा में चलाई गईं।
बताया जा रहा है कि उनके पति और बेटा फिलहाल विदेश में रह रहे हैं। घटना के बाद इलाके में डर का माहौल है और परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेर लिया। फोरेंसिक टीम ने मौके से सबूत इकट्ठा किए हैं। SSP कपूरथला गौरव तुरा ने कहा कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने के लिए स्पेशल टीमें बनाई गई हैं।


