मुंबई : फिल्ममेकर विक्रम भट्ट को मुंबई और राजस्थान पुलिस ने रविवार को अरेस्ट किया है। उन पर उदयपुर के एक बिजनेसमैन से 30 करोड़ रुपये ठगने का आरोप है। पुलिस ने उन्हें मुंबई के यारी रोड इलाके में गंगा भवन अपार्टमेंट से गिरफ्तार किया है। यह घर उनकी साली का है। राजस्थान पुलिस उन्हें अपने साथ उदयपुर ले जाने के लिए बांद्रा कोर्ट में ट्रांजिट रिमांड के लिए अप्लाई करेगी।
17 नवंबर को राजस्थान के इंदिरा ग्रुप ऑफ कंपनीज के मालिक डॉ. अजय मुर्डिया ने विक्रम भट्ट और 8 अन्य लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी करने का FIR दर्ज कराया था। उनका आरोप है कि एक इवेंट में उनकी मुलाकात दिनेश कटारिया से हुई थी। दिनेश कटारिया ने उन्हें अपनी पत्नी की बायोपिक बनाने का प्रपोजल दिया और कहा कि फिल्म के जरिए पूरा देश उनकी पत्नी के योगदान को जान पाएगा। इस बारे में दिनेश कटारिया ने 24 अप्रैल 2024 को मुंबई के वृंदावन स्टूडियो में बुलाया था। यहां उनकी मुलाकात फिल्ममेकर विक्रम भट्ट से हुई थी।
बातचीत के दौरान यह तय हुआ कि विक्रम भट्ट फिल्म बनाने की पूरी ज़िम्मेदारी लेंगे और उन्हें बस पैसे भेजते रहना होगा। विक्रम भट्ट ने अजय मुर्डिया को बताया कि उनकी पत्नी श्वेतांबरी और बेटी कृष्णा भी फिल्म बनाने में शामिल हैं। विक्रम भट्ट ने अपनी पत्नी श्वेतांबरी की फर्म VSB LLP को पार्टनर बनाया था। उनके पास ‘बायोनिक’ और ‘महाराणा’ नाम की 2 फिल्मों के लिए 40 करोड़ रुपये का कॉन्ट्रैक्ट था।
