कोलकाता, 8 मई : पश्चिम बंगाल की राजनीति में बड़ा घटनाक्रम सामने आ रहा है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) विधायक दल की बैठक के बाद नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी को राज्य का अगला मुख्यमंत्री बनाए जाने की चर्चा तेज हो गई है। सूत्रों के मुताबिक, पार्टी नेतृत्व ने लगभग उनके नाम पर सहमति बना ली है और शाम 5 बजे औपचारिक घोषणा की जा सकती है।
जानकारी के अनुसार, नई सरकार में दो डिप्टी सीएम भी बनाए जाएंगे। इनमें एक महिला चेहरे को शामिल करने की तैयारी है। चर्चाओं के केंद्र में अभिनेत्री से राजनेता बनीं रूपा गांगुली का नाम प्रमुखता से सामने आ रहा है। हालांकि, पार्टी की ओर से अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
सूत्रों का कहना है कि अगर सुवेंदु अधिकारी मुख्यमंत्री बनते हैं तो वे गृह मंत्रालय भी अपने पास रख सकते हैं। पार्टी के अंदर इसे कानून-व्यवस्था और प्रशासनिक नियंत्रण के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। भाजपा नेतृत्व राज्य में मजबूत प्रशासनिक छवि पेश करने की रणनीति पर काम कर रहा है।
इधर, कोलकाता में संभावित शपथ ग्रहण समारोह को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा जा रहा है। शहर के कई इलाकों में तैयारियां शुरू हो गई हैं। मिठाई की दुकानों पर विशेष लड्डू तैयार किए जा रहे हैं, जबकि बांकुड़ा में भाजपा कार्यकर्ताओं ने लोगों के बीच लड्डू बांटने की तैयारी कर ली है। पार्टी समर्थकों का कहना है कि यह “ऐतिहासिक राजनीतिक बदलाव” का जश्न होगा।
विधायक दल की बैठक में केंद्रीय नेतृत्व के कई वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी भी चर्चा का विषय बनी हुई है। माना जा रहा है कि बैठक के दौरान संगठनात्मक संतुलन, क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व और महिला नेतृत्व को लेकर भी विस्तार से चर्चा हुई। भाजपा राज्य में नई राजनीतिक शुरुआत का संदेश देने की कोशिश कर रही है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यदि सुवेंदु अधिकारी को मुख्यमंत्री बनाया जाता है, तो यह भाजपा के लिए बंगाल की राजनीति में बड़ा रणनीतिक कदम होगा। नंदीग्राम से लेकर राज्यव्यापी राजनीति तक अपनी मजबूत पकड़ बनाने वाले सुवेंदु अधिकारी लंबे समय से भाजपा के प्रमुख चेहरों में शामिल रहे हैं।
अब सभी की नजरें शाम 5 बजे होने वाले संभावित आधिकारिक ऐलान पर टिकी हैं, जहां पश्चिम बंगाल की नई सरकार की तस्वीर साफ हो सकती है।
