- अक्षय कुमार के साथ इंटरनेशनल स्केल पर बन रही फिल्म, हॉलीवुड एक्सपर्ट्स जुड़े
मुंबई। ब्लॉकबस्टर फिल्म The Kerala Story के बाद प्रोड्यूसर-डायरेक्टर Vipul Amrutlal Shah अब एक और बड़े और अलग कॉन्सेप्ट के साथ दर्शकों के सामने आने जा रहे हैं। विपुल शाह ने खुलासा किया है कि वह Akshay Kumar के साथ मिलकर भारत की पहली प्रिडेटर-एलियन थ्रिलर फिल्म ‘समुक’ बना रहे हैं, जिसे इंटरनेशनल स्केल पर तैयार किया जा रहा है।
अपनी आगामी फिल्म Governor के ट्रेलर लॉन्च इवेंट में विपुल शाह ने ‘समुक’ को लेकर कई बड़े खुलासे किए। उन्होंने कहा कि यह फिल्म भारतीय सिनेमा में अब तक नहीं देखे गए विजुअल्स और कॉन्सेप्ट के साथ दर्शकों के सामने आएगी।
विपुल शाह ने कहा, “समुक ऐसी फिल्म होगी जो सिनेमा के कई स्थापित नियमों को तोड़ देगी। भारत में आज तक इस स्तर की प्रिडेटर-एलियन थ्रिलर फिल्म नहीं बनी है। हमने इस प्रोजेक्ट के लिए हॉलीवुड के बड़े विशेषज्ञों के साथ साझेदारी की है।”
उन्होंने बताया कि हॉलीवुड की कई मशहूर प्रिडेटर फिल्मों से जुड़े क्रिएचर डिजाइनर Alec Gillis फिल्म के एलियन क्रिएचर को डिजाइन कर रहे हैं। वहीं, सुपरहिट हॉलीवुड फिल्म Venom से जुड़े एक्टर-डायरेक्टर Luke फिल्म के एक्शन सीक्वेंस तैयार करेंगे।
अक्षय कुमार के साथ अपनी लंबे समय की साझेदारी पर बात करते हुए विपुल शाह ने कहा कि दोनों हमेशा नए जॉनर की फिल्मों में प्रयोग करते रहे हैं, लेकिन ‘समुक’ अब तक की सबसे अलग और चुनौतीपूर्ण फिल्म साबित होगी। उन्होंने कहा कि फिल्म की शूटिंग तब तक शुरू नहीं की गई, जब तक टीम को इंटरनेशनल लेवल का परफेक्ट सेटअप नहीं मिला।
फिल्म के निर्देशक Kanishk Varma ने भी हॉलीवुड तकनीशियनों के साथ मिलकर एलियन क्रिएचर और विजुअल एक्सपीरियंस को बेहतर बनाने के लिए लंबे समय तक काम किया है। मेकर्स का दावा है कि यह फिल्म भारतीय दर्शकों को बिल्कुल नया सिनेमाई अनुभव देगी।
इधर, विपुल शाह के प्रोडक्शन में बनी फिल्म ‘गवर्नर’ का ट्रेलर भी रिलीज के साथ चर्चा में आ गया है। फिल्म 1990 के दशक में भारत के आर्थिक संकट की पृष्ठभूमि पर आधारित बताई जा रही है। ट्रेलर में Manoj Bajpayee एक सख्त और प्रभावशाली ‘गवर्नर’ के किरदार में नजर आ रहे हैं।
‘सनशाइन पिक्चर्स’ के बैनर तले बनी इस फिल्म का निर्देशन Chinmay Mandlekar ने किया है, जबकि आशिन ए. शाह इसके को-प्रोड्यूसर हैं। फिल्म की कहानी और स्क्रीनप्ले सुवेंदु भट्टाचार्य, सौरभ भारत, रवि असरानी और विपुल शाह ने मिलकर लिखा है।
फिल्म के गीत मशहूर गीतकार Javed Akhtar ने लिखे हैं, जबकि संगीत Amit Trivedi ने दिया है। ‘गवर्नर’ 12 जून 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
