मुंबई : मनोज बाजपेयी एक बार फिर एक दमदार और गंभीर किरदार के साथ बड़े पर्दे पर लौटने जा रहे हैं। उनकी आगामी फिल्म द साइलेंट सेवियर गवर्नर का बहुप्रतीक्षित टीज़र रिलीज़ हो चुका है, जिसने आते ही दर्शकों के बीच उत्सुकता बढ़ा दी है। फिल्म का टीज़र रहस्य, तनाव और देश के सबसे बड़े आर्थिक संकट की कहानी की झलक पेश करता है।
फिल्म को Sunshine Pictures
के बैनर तले प्रस्तुत किया गया है और इसे निर्माता विपुल अमृतलाल शाह ने प्रोड्यूस किया है। खास बात यह है कि यह फिल्म ‘द केरला स्टोरी’ और ‘द केरला स्टोरी 2 गोज़ बियॉन्ड’ के निर्माताओं की एक और बड़े स्तर की परियोजना मानी जा रही है।
हाल ही में मनोज बाजपेयी के जन्मदिन पर फिल्म का पहला पोस्टर जारी किया गया था, जिसने सोशल मीडिया पर काफी चर्चा बटोरी थी। अब रिलीज़ हुए टीज़र ने फिल्म को लेकर लोगों की उत्सुकता और बढ़ा दी है। टीज़र में 1990 के दशक के भारत के आर्थिक संकट की झलक दिखाई गई है, जब देश गंभीर आर्थिक चुनौतियों से गुजर रहा था।
फिल्म सच्ची घटनाओं से प्रेरित बताई जा रही है। इसमें मनोज बाजपेयी एक आरबीएल (राष्ट्रीय बैंक ऑफ इंडिया) के गवर्नर की भूमिका निभा रहे हैं। यह किरदार उनके अब तक के निभाए गए रोल्स से काफी अलग और चुनौतीपूर्ण माना जा रहा है। टीज़र में उनका गंभीर और प्रभावशाली अंदाज दर्शकों को काफी प्रभावित कर रहा है।
फिल्म का निर्देशन मराठी सिनेमा के चर्चित अभिनेता और निर्देशक चिन्मय मांडलेकर ने किया है। वहीं इसकी कहानी सुवेंदु भट्टाचार्जी, सौरभ भारत, रवि असरानी और विपुल अमृतलाल शाह ने मिलकर लिखी है। फिल्म के को-प्रोड्यूसर आशिम ए. शाह हैं।
फिल्म के संगीत की जिम्मेदारी अमित त्रिवेदी ने संभाली है, जबकि गीत जावेद अख्तर ने लिखे हैं।
दमदार विषय, सच्ची घटनाओं से प्रेरित कहानी और मनोज बाजपेयी के प्रभावशाली अभिनय के चलते द साइलेंट सेवियर गवर्नर को लेकर दर्शकों के बीच काफी उत्साह है। यह फिल्म 12 जून 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी।
