- निर्देशक ने कहा- ड्रामा को लेकर एनटीआर पर पूरा भरोसा, 11 जून 2027 को पांच भाषाओं में रिलीज होगी फिल्म
मुंबई। भारतीय सिनेमा की बहुप्रतीक्षित फिल्मों में शामिल ‘ड्रैगन’ को लेकर निर्देशक प्रशांत नील ने फिल्म के निर्माण से जुड़ी दिलचस्प बातें साझा की हैं। उन्होंने बताया कि इस प्रोजेक्ट को आकार देने में करीब पांच साल लगे और इस दौरान अभिनेता एनटीआर का योगदान बेहद अहम रहा।
प्रशांत नील ने कहा कि शुरुआती तीन वर्षों तक उनके पास राइटर्स की टीम नहीं थी और वह लगातार फिल्म की कहानी व ड्रामा पर काम कर रहे थे। उन्होंने बताया कि इस दौरान वह नियमित रूप से एनटीआर के साथ फिल्म को लेकर चर्चा करते थे।
नील ने कहा, “मैं ड्रामा को लेकर एनटीआर पर भरोसा करता हूं। जब भी मैं उनसे किसी सीन या कहानी को लेकर बात करता हूं तो मुझे उनके सुझावों पर पूरा विश्वास होता है। ऐसा नहीं है कि मुझे अपने हीरो से मंजूरी लेनी होती है, बल्कि मैं उन्हें एक ऐसे दर्शक के रूप में देखता हूं, जिनकी राय मेरे लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने फिल्म में जो इनपुट्स दिए हैं, वे शानदार रहे हैं।”
उन्होंने आगे कहा कि एनटीआर के साथ रचनात्मक माहौल में काम करना उनके लिए बेहद सुखद अनुभव रहा है और दोनों ने मिलकर फिल्म के ड्रामा और किरदारों को बेहतर बनाने पर काफी काम किया है।
फिल्म का पहला ग्लिम्स जारी होने के बाद से ही दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। एनटीआर और प्रशांत नील की जोड़ी को लेकर फैंस के बीच खासा क्रेज बना हुआ है और हर नए अपडेट का बेसब्री से इंतजार किया जा रहा है।
‘ड्रैगन’ का निर्माण मैथ्री मूवी मेकर्स और एनटीआर आर्ट्स के बैनर तले किया जा रहा है। फिल्म में एनटीआर मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। यह फिल्म 11 जून 2027 को पांच भाषाओं में सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

Have any thoughts?
Share your reaction or leave a quick response — we’d love to hear what you think!
