- शूटिंग के दौरान घायल डांसर की खुद की मदद, डांसर्स ने बताया रणवीर का दयालु और समर्पित स्वभाव
मुंबई । बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह अपनी दमदार परफॉर्मेंस और ऊर्जावान अंदाज के लिए जाने जाते हैं। हाल ही में फिल्म पद्मावत के लोकप्रिय गीत ‘खलीबली’ और ‘मल्हारी’ का हिस्सा रहे डांसर्स ने रणवीर के साथ काम करने के अपने अनुभव साझा किए और उनके काम के प्रति समर्पण तथा विनम्र स्वभाव की जमकर सराहना की।
डांसर्स ने बताया कि ‘खलीबली’ की शूटिंग के दौरान रणवीर पूरी तरह अपने किरदार में डूबे रहते थे। एक डांसर ने कहा कि रणवीर सेट पर लगातार अपने कैरेक्टर को जीते थे और हर छोटे से छोटे भाव, नजर और बॉडी लैंग्वेज पर विशेष ध्यान देते थे।
डांसर के मुताबिक, “वो कैरेक्टर छोड़ ही नहीं रहे थे। आंखों और चेहरे के एक्सप्रेशन से लेकर एग्रेसन और बॉडी लैंग्वेज तक हर चीज पर उनका पूरा फोकस था। गाने में उनकी एनर्जी बेहद हाई थी।”
डांसर्स ने शूटिंग के दौरान हुई एक घटना का जिक्र करते हुए रणवीर के मानवीय पक्ष को भी सामने रखा। उन्होंने बताया कि एक शॉट के दौरान रणवीर के कांटेदार जूते से उनके पैर में चोट लग गई थी। शॉट खत्म होने के बाद रणवीर ने खुद उन्हें सहारा देकर बाहर बैठाया और बर्फ लाकर उनके पैर की सिकाई भी की।
डांसर ने कहा, “रणवीर सिंह सर खुद आइस लेकर आए और मेरे पैर पर सेक कर रहे थे। उनकी यह बात आज भी याद है।”
इस घटना को याद करते हुए डांसर्स ने कहा कि रणवीर का यह व्यवहार बताता है कि सफलता की ऊंचाइयों पर पहुंचने के बावजूद वह अपने साथ काम करने वाले लोगों का पूरा ख्याल रखते हैं। यही वजह है कि इंडस्ट्री में उन्हें एक विनम्र और जमीन से जुड़े कलाकार के रूप में देखा जाता है।
वर्क फ्रंट की बात करें तो रणवीर सिंह हाल ही में फिल्म धुरंधर: द रिवेंज को लेकर चर्चा में रहे। फिल्म की सफलता के साथ उन्होंने बॉक्स ऑफिस पर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है और हिंदी सिनेमा के प्रमुख सितारों में अपनी मजबूत पहचान कायम रखी है।

Have any thoughts?
Share your reaction or leave a quick response — we’d love to hear what you think!
